पंचायत कर्मियों द्वारा की गई भ्रष्टाचार से लामबंद कुई माल के ग्रामीण पहुंचे कलेक्ट्रेट

डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले के डिंडोरी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत कुई माल के पोषक ग्राम परासी के सैकड़ों ग्रामीण लामबंद होकर कलक्ट्रेट पहुंच गए, जिन्होंने पंचायत के जिम्मेदारों पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।आरोप है कि ग्राम पंचायत के जिम्मेदार कर्मी बिना ग्रामीणों के सहमति से ही लाखों के निर्माण कर मनमानी पूर्वक कराए जा रहे हैं, फर्जी बिल लगाकर राशि का आहरण भी जमकर किया जा रहा है। पंचायत कर्मियों द्वारा लगातार किए जा रहे भ्रष्टाचार से लामबंद ग्रामीण कल बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कड़ी कार्यवाही करने की मांग की गई है।
समुदायिक कार्यों में चल रही जमकर हेरा-फेरी –
लामबंद होकर कलक्ट्रेट पहुंचे कुई माल के दर्जनों ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत के जिम्मेदार पंचायत कर्मी समुदायिक कार्यों में जमकर हेराफेरी कर रहे हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि पंच परमेश्वर योजना से मनमानी पूर्वक बिल लगाकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है, मनरेगा के कार्यों में फर्जी हाजिरी भर कर राशि भी निकाली जा रही है। पीएम आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभ ना देकर अपात्र लोगों को पहले लाभ दिया जा रहा है। स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय निर्माण कार्य अधूरे हैं, जबकि पूरी बताकर राशि का आहरण भी पंचायत कर्मियों ने कर ली है। सप्ताहिक हाट बाजार का ठेका अपने चहेते को देकर मनमानी की जा रही है। बताया गया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन में अपात्रों को पात्र बता कर शासन को चूना लगाया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने वर्तमान परिस्थितियों को देख लामबंद है और जांच कराकर कार्यवाही की मांग कर रहे हैं। आरोप है कि पंचायत कर्मियों द्वारा ग्राम सभा व आम सभा का आयोजन वर्षों बाद अभी तक नहीं किया गया, सार्वजनिक कार्यों में बेगर ग्राम सभा की सहमति से निर्माण कार्यों को करवाया जा रहा है।ग्रामीणों ने जांच कराकर पंचायत कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की है।



