उत्तीर्ण हुए छात्रों को कर दिया अनुत्तीर्ण, अब उत्तीर्ण कराने की चल रही वसूली

डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले के हायर सेकेंडरी स्कूल गोरा कन्हारी में शिक्षकों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही, जहां इस सत्र में छात्र छात्राओं को अगले कक्षा में प्रवेश कराने के लिए जमकर वसूली चल रही है। गौरतलब है कि उत्तीर्ण हुए छात्र छात्राओं को अनुत्तीर्ण बताकर अब पलकों से उत्तीर्ण कराने के नाम पर पैसे की वसूली की जा रही है। मामले को लेकर लामबंद दर्जनों पालक व छात्र छात्राएं कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिम्मेदार शिक्षकों के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की गई है। कलेक्टर को दिए गए आवेदन में उल्लेख किया गया कि इस सत्र के विद्यार्थी जो कक्षा नवमीं से दसवीं में प्रवेश लेने व कक्षा ग्यारहवीं से 12वीं में प्रवेश लेने के लिए अग्रसर हैं, उनसे पैसे की अवैध वसूली की गई है। पालकों का आरोप है कि छात्रों को अनुत्तीर्ण बताकर उत्तीर्ण करने के नाम पर 11-11 सौ रुपया की वसूली शिक्षकों के द्वारा पलकों से की गई है। स्थानीय पालकों ने पदस्थ शिक्षकों के द्वारा की गई अवैध व अनुचित तरीके से अवैध वसूली को वापस दिलाकर, जिम्मेदार शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की मांग की गई है।



