नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी, सतर्कता की जरूरत

डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। वैसे तो इस पहले भी आदिवासी बाहुल्य जिला डिंडोरी के कई इलाकों में ठगी के कई तरह के मामले सामने आ चुके हैं। जहां जालसाजी करते हुए कई तरह के प्रलोभन देकर लोगों को अपनी जाल में फंसा लेते हैं और फिर मोटी रकम की ठगी कर फरार हो जाते हैं। गौरतलब है कि ठगी करने में मुख्य रूप से नौकरी दिलाने का झांसा, शहरों के बड़े कंपनी में काम दिलवाने, डिजिटल तरिके की ठगी सहित तमाम तरह के प्रलोभन देकर जालसाज लोग भोले भाले लोगों को अपनी जालसाजी में फंसा लेते हैं। बताया गया कि ऐसे ही ठगी के अब तक जिले भर में सैकड़ों मामले भी सामने आ चुके हैं, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं हुई। ऐसा ही एक ताजा मामला जिला मुख्यालय में सामने आया, जहां नौकरी दिलाने के नाम पर अनूपपुर निवासी एक युवक ने रुपयों की मांग रखी। जालसाजी में आकर पीड़ित युवक ने अपने बच्चे को नौकरी दिलाने के लिए कुछ रुपए भी जालसाजी युवक को दे दिए, बाद में सही जानकारी के बाद युवक को कोतवाली पुलिस के हवाले भी कर दिया गया था। इसी तरह के अब तक जिले भर में दर्जनों ठगी के मामले सामने आ चुके हैं, जहां शिकायत के बाद भी कोई ठोस कार्यवाही ना होने से जालसाजों के हौंसले बुलंद है।



