घटिया स्तर के पुलिया का निर्माण कार्य करवाकर निकाल रहे राशि

डिंडोंरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले के समनापुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत डूंगरिया गांव में निर्माण कार्यों के नाम पर जिम्मेदार पंचायत कर्मियों के द्वारा जमकर मनमानी कि जा रही है। गौरतलब है कि ग्राम पंचायत डुंगरिया के पंचायत सरपंच के पति मनका बनवासी जनपद पंचायत सदस्य भी हैं, जहां पंचायत स्तर पर निर्माण कार्यों के नाम पर जमकर धांधली की जा रही है। आरोप है कि खानापूर्ति करके निर्माण कार्यों के नाम पर राशि निकाली जा रही है, गौरतलब है कि आसपास के ग्राम पंचायतों में भाजपा के क्षेत्रीय जनपद सदस्य का ही बोलबाला है। बताया गया कि क्षेत्र में अधिकांश शासकीय निर्माण कार्य भी उनके अधीनस्थ पर ही कराए जाते हैं, जहां निर्माण कार्यों के नाम पर जमकर मनमानी की जाती रही है। स्थानीय ग्रामीणों की मानें तो कुछ दिनों पहले ही पंचायत के जिम्मेदारों के द्वारा पुलिया का निर्माण कार्य कराया गया था, जहां मिलीभगत करके पुरानी पुलिया को सड़क से उखाड़ कर नव निर्माणाधीन पुलिया में लगा दिया गया। आरोपों के मुताबिक मिलीभगत करके पंचायत द्वारा घटिया स्तर के निर्माण कार्य करवा कर खानापूर्ति कर दी गई, जो जल्द ही जर्जर हो जाएगी। स्थानीय लोगों ने जांच कराकर पंचायत कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई है।



