सूदखोर,भू-माफिया एवं चिटफंड कम्पनी के विरुद्ध छेड़ा अभियान:जागरूकता रथ को हरि झण्डी दिखाकर पुलिस अधीक्षक ने किया रवाना

जबलपुर दर्पण नगर संवाददाता। सूदखोर,भू-माफिया एवं चिटफंड कम्पनी के मकड़जाल में उलझे संस्कारधानी वासियों के लिए जबलपुर पुलिस अधीक्षक की अनोखी पहल से इनके चंगुल में फंसे लोगों को कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य को लेकर आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय से सूदखोरो के प्रति जागरूकता रथ को पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर रोहित काशवानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उत्तर/यातायात संजय कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शिवेश सिंह बघेल, की उपस्थिति में दो रथो को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। श्री बहुगुणा ने बताया कि जबलपुर पुलिस द्वारा सूदखोरों के विरूद्ध निरंतर कार्यवाही की जा रही है। पनागर के सूदखोर द्वारा शासकीय भूमि पर कब्जा कर निर्मित किये गये दुकान एवं मकान को भी जमीदोज किया गया हैं, थानों में शिकायत आने पर सूदखोरो के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर सूदखोरों की तत्काल गिरफ्तारी की जा रही है।आज उक्त दोनों जागरूकता रथ रवाना करने का मुख्य उद्देश्य संस्कारधानी वासियों को सूदखोरों की शिकायत करने हेतु जागरूक करना है। उक्त दोनों रथ थाना क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते हुये एनाउंसमेंट कर सूदखोरो की शिकायत करने हेतु संस्कारधानी वासियों को जागरूक करेंगे। भू-माफिया, सूदखोर,एवं चिटफंड कम्पनी से सम्बंधित शिकायतों के लिये हैल्प लाईन नम्बर 7587632800 शिकायत कर सकते हैं।.जबलपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता के लिए रथ के माध्यम से प्रसार प्रचार की अधिक आवश्यकता है।चिटफंड कम्पनी सूदखोरों एवं भू माफिया की गिरफ्त में जबलपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्र अधिक है। चिटफंड कंपनियों एवं सूदखोरो की पहुंच गांव-गांव तक है। यहां इनका व्यापार फल फूल रहा है। ग्रामीण क्षेत्र के रोज कमाने खाने वाले हफ्ते भर में जो कमाते है। पूरा पैसा इन्हीं के ब्याज में चला जाता है। इनके डर के कारण कोई शिकायत नहीं करता है। भोले भाले मजदूर इनकी गिरफ्त में आसानी से फंस जाते हैं। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता रथ के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए जिससे हिम्मत दिखाकर लोग इनकी शिकायत कर सकें



